राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए अब पुलिस प्रशासन ने व्यापक स्तर पर विशेष कार्ययोजना तैयार करना शुरू कर दिया है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में यातायात पुलिस, नगर निगम और यातायात विशेषज्ञों की संयुक्त टीम लगातार शहर के प्रमुख मार्गों का निरीक्षण कर रही है, ताकि कटनी को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था दी जा सके।
इसी कड़ी में गुरुवार को यातायात प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह ने यातायात पुलिस टीम, नगर निगम अधिकारियों और तकनीकी विशेषज्ञों के साथ शहर के संवेदनशील एवं अत्यधिक व्यस्त मार्गों का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दुर्गा चौक, तिलक कॉलेज मोड़, तिलक कॉलेज क्षेत्र, पन्ना तिराहा और सागर पुलिया सहित प्रमुख क्षेत्रों की यातायात स्थिति का बारीकी से अध्ययन किया गया।
टीम ने बरसात के दौरान होने वाले जलभराव, सड़क अवरोध, यातायात दबाव और पैदल यात्रियों की समस्याओं का भी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मार्गों की उपयोगिता, अवैध पार्किंग, फुटपाथों पर अतिक्रमण और ठेला-व्यवस्था जैसी समस्याओं का तकनीकी विश्लेषण किया गया।
निरीक्षण में सामने आईं प्रमुख समस्याएं
शहर के मुख्य बाजारों में पार्किंग व्यवस्था का अभाव सबसे बड़ी समस्या के रूप में सामने आया। सड़क किनारे बेतरतीब खड़े वाहनों के कारण आए दिन जाम की स्थिति बन रही है। इसके अलावा व्यावसायिक क्षेत्रों में स्थायी और अस्थायी अतिक्रमण, फुटपाथों पर फैली दुकानें और मुख्य मार्गों पर संचालित हाथ ठेले एवं सब्जी दुकानों से यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही है।
अब क्या होगा बदलाव
प्रशासन द्वारा तैयार की जा रही कार्ययोजना के तहत शहर के प्रमुख चौराहों और तिराहों का आधुनिकीकरण किया जाएगा। पुरानी रोटरियों का वैज्ञानिक तरीके से पुनर्निर्माण कर ट्रैफिक फ्लो को बेहतर बनाया जाएगा, ताकि दुर्घटनाओं और जाम की समस्या में कमी लाई जा सके।
इसके साथ ही नगर निगम के सहयोग से बाजार क्षेत्रों में सशुल्क पार्किंग व्यवस्था शुरू करने की तैयारी की जा रही है। चिन्हित स्थानों पर व्यवस्थित पार्किंग जोन विकसित किए जाएंगे, जिससे अवैध पार्किंग पर नियंत्रण किया जा सके।
मुख्य सड़कों को जाममुक्त बनाने के लिए हाथ ठेले और सब्जी विक्रेताओं हेतु अलग वेंडिंग जोन विकसित करने की योजना भी बनाई जा रही है। प्रशासन का कहना है कि सभी विक्रेताओं को नियमानुसार सम्मानपूर्वक निर्धारित स्थानों पर शिफ्ट किया जाएगा।
आम जनता से सहयोग की अपील
कटनी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें और सड़क पर अव्यवस्थित वाहन खड़े करने से बचें। प्रशासन का मानना है कि जनसहयोग से ही शहर को जाममुक्त और आधुनिक यातायात व्यवस्था दी जा सकती है।
संयुक्त निरीक्षण दल में राहुल तिवारी, डॉ. अनुज जायसवाल, योगेश पवार, निरीक्षक अनूप सिंह, आरक्षक राजकुमार एवं आरक्षक सुरेन्द्र सिंह शामिल रहे।