राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
आगामी ईद-ए-अज्हा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए नगर पालिक निगम कटनी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने पर्व के दौरान शहर में स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और जल निकासी जैसी आवश्यक सुविधाएं सुचारु बनाए रखने हेतु अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित करते हुए आदेश जारी किए हैं।
निगम द्वारा जारी आदेश के अनुसार मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों, ईदगाहों, मस्जिदों और कब्रिस्तानों के आसपास सड़कों एवं गड्ढों की मरम्मत का दायित्व प्रभारी कार्यपालन यंत्री असित खरे, सहायक यंत्री सुनील सिंह, अनिल जायसवाल एवं क्षेत्रीय उपयंत्रियों को सौंपा गया है। वहीं साफ-सफाई, नाले-नालियों की सफाई, चूने की लाइनिंग और आवारा मवेशियों पर नियंत्रण की जिम्मेदारी स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी एवं क्षेत्रीय स्वच्छता अमले को दी गई है।
इसके अलावा आवश्यकतानुसार टैंकरों के माध्यम से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी उपयंत्री मृदुल श्रीवास्तव, सुपरवाइजर हरि सिंह चौहान एवं सहायक टैंकर प्रभारी अभिषेक अरजरिया को सौंपी गई है। प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त बनाए रखने के लिए सहायक यंत्री आदेश जैन और उपयंत्री मोना करेरा को जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं ईदगाह और मस्जिदों के आसपास पेट्रोलिंग कर अस्थायी अतिक्रमण हटाने के लिए अतिक्रमण प्रभारी मानेन्द्र सिंह एवं उनकी टीम को तैनात किया गया है। साथ ही फायर बिग्रेड वाहन एवं पानी के टैंकरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए उपयंत्री मृदुल श्रीवास्तव और सहायक फायर निरीक्षक शैलेन्द्र दुबे को पुलिस कंट्रोल रूम से समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं।
निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने दायित्वों का गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें, ताकि पर्व के दौरान नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।