राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
शहर में चल रहे सीवर लाइन निर्माण कार्य के दौरान बरगवां क्षेत्र में पानी की पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो जाने से कई मोहल्लों में जलापूर्ति पूरी तरह प्रभावित हो गई है। भीषण गर्मी के बीच घरों तक पानी नहीं पहुंचने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार सीवर लाइन का कार्य बिना पर्याप्त सावधानी और पूर्व सूचना के किया जा रहा है, जिसके चलते पानी की मुख्य पाइप लाइन कट गई। पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने के बाद से क्षेत्र में पानी की सप्लाई बंद है और लोग पीने के पानी सहित दैनिक जरूरतों के लिए परेशान हो रहे हैं।
रहवासियों का कहना है कि अचानक जलापूर्ति बंद होने से घरों में पेयजल संकट खड़ा हो गया है। महिलाओं और बच्चों को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई परिवारों को दूर-दराज से पानी लाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि क्षतिग्रस्त पाइप लाइन की तत्काल मरम्मत कर नियमित जलापूर्ति बहाल की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके। वहीं नागरिकों ने सीवर लाइन निर्माण कार्य के दौरान आवश्यक सुरक्षा और निगरानी सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई है, जिससे भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो।