राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
आगामी वर्षाकाल को देखते हुए नगर निगम द्वारा शहर में विशेष स्वच्छता अभियान तेज कर दिया गया है। इसी क्रम में गुरुवार को निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने रामनिवास सिंह वार्ड अंतर्गत कावसजी स्कूल के समीप एवं आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर बड़े नाले और नालियों की जेसीबी मशीन से विशेष सफाई कराई।
निगम अध्यक्ष मनीष पाठक स्वयं मौके पर मौजूद रहे और साफ-सफाई कार्यों की निगरानी करते हुए वार्ड की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने क्षेत्रीय नागरिकों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा पेयजल आपूर्ति व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि गर्मी के मौसम में नागरिकों को समय पर पानी की सप्लाई सुनिश्चित की जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
मनीष पाठक ने कहा कि बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति न बने, इसके लिए मानसून पूर्व बड़े और छोटे नालों की नियमित सफाई कराई जा रही है। जलभराव से मच्छरों और गंदगी के कारण नागरिकों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है, इसलिए निगम द्वारा विशेष अभियान चलाकर स्वच्छता को प्राथमिकता दी जा रही है।
निरीक्षण के दौरान निगम अध्यक्ष ने कावसजी स्कूल के पीछे बने नाले और मंदिर के समीप स्थित कुएं का भी निरीक्षण किया। नाला क्षतिग्रस्त पाए जाने पर उन्होंने क्षेत्रीय उपयंत्री से दूरभाष पर चर्चा कर आवश्यक प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि जल निकासी व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो सके।
इस दौरान क्षेत्रीय दरोगा संगीत शर्मा को वार्ड में नियमित रूप से फॉगिंग मशीन एवं कीटनाशक दवाइयों का छिड़काव कराने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही प्रतिदिन साफ-सफाई कार्य नियमित रूप से कराने पर विशेष जोर दिया गया।
निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि स्वच्छता अभियान में सभी नागरिक अपना सहयोग दें और अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखें, ताकि शहर स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बना रहे।
निरीक्षण के दौरान मुरारी कुरील, अज्जू निगम, विकास ठाकुर, जग्गी कुरील, अरुण गुप्ता, कमल, क्षेत्रीय दरोगा संगीत शर्मा सहित क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।