राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए नगर निगम प्रशासन अब पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। इसी क्रम में गुरुवार सुबह महापौर प्रीति संजीव सूरी ने मदन मोहन चौबे वार्ड और फॉरेस्टर वार्ड का औचक निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था और जल निकासी तैयारियों का जायजा लिया। महापौर ने वार्डों की गलियों में पैदल भ्रमण कर नालियों की स्थिति देखी और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बारिश से पहले सभी नाले-नालियों की नियमित और प्रभावी सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि शहर में जलभराव जैसी समस्या उत्पन्न न हो।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से कहा कि जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त रखना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी इन वार्डों का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए गए थे और गुरुवार को उन्हीं निर्देशों के पालन की स्थिति जानने के लिए दोबारा क्षेत्र का दौरा किया गया।
महापौर श्रीमती सूरी ने मौके पर चल रहे सफाई कार्यों की प्रगति का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों से सीधे संवाद कर सफाई व्यवस्था को लेकर फीडबैक भी लिया। कई नागरिकों ने नियमित सफाई व्यवस्था पर संतोष जताया, जबकि कुछ स्थानों पर अतिरिक्त सफाई की जरूरत बताई गई, जिस पर महापौर ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
महापौर ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि घरों और दुकानों का कचरा सड़कों, नालियों और सार्वजनिक स्थानों पर न फेंकें, बल्कि निर्धारित स्थानों एवं कचरा वाहनों में ही डालें। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने में नागरिकों की भागीदारी भी उतनी ही जरूरी है जितनी नगर निगम की जिम्मेदारी। यदि सभी लोग स्वच्छता नियमों का पालन करेंगे तो शहर को गंदगी, जलभराव और बीमारियों से काफी हद तक मुक्त रखा जा सकेगा।
निरीक्षण के दौरान एमआईसी सदस्य सुभाष साहू, स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।