प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़,
जिला संवाददाता बरेली
बरेली। बरेली पुलिस विभाग ने गुरुवार को अपने बहादुर और वफादार साथी पुलिस डॉग “इंस्पेक्टर फेंग” को पूरे पुलिस सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी। जर्मन शेफर्ड नस्ल का ट्रैकर डॉग फेंग लंबे समय तक बरेली पुलिस डॉग स्क्वायड का अहम हिस्सा रहा और अपने कार्यकाल में कई संगीन मामलों के खुलासे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा।
पुलिस विभाग के अनुसार इंस्पेक्टर फेंग ने आईटीबीपी पंचकुला, हरियाणा में नौ माह का विशेष प्रशिक्षण प्राप्त किया था। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद 20 अक्टूबर 2019 को उसकी तैनाती बरेली पुलिस विभाग में की गई थी। अपनी तेज सूंघने की क्षमता और बेहतरीन ट्रैकिंग कौशल के चलते फेंग ने चोरी, लूट, हत्या समेत कई मामलों में पुलिस को अहम सुराग उपलब्ध कराए। कई घटनाओं में अपराधियों तक पहुंचने और साक्ष्य जुटाने में उसकी भूमिका सराहनीय रही।
गुरुवार 21 मई 2026 को बीमारी के चलते करीब 8 वर्ष 3 माह की आयु में इंस्पेक्टर फेंग का निधन हो गया। निधन की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।
रिजर्व पुलिस लाइन बरेली में आयोजित भावुक अंतिम विदाई समारोह में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने इंस्पेक्टर फेंग को पारंपरिक पुलिस सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी। इस दौरान एसपी सिटी, एसपी साउथ, एसपी नॉर्थ, एएसपी/सीओ हाईवे सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
समारोह में अधिकारियों और कर्मचारियों ने पुष्पचक्र अर्पित कर इंस्पेक्टर फेंग को श्रद्धांजलि दी। गार्ड ऑफ ऑनर और अंतिम सलामी के साथ विभाग ने अपने बहादुर साथी को नम आंखों से विदा किया। पुलिस लाइन में मौजूद कई अधिकारी और कर्मचारी भावुक नजर आए।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इंस्पेक्टर फेंग केवल एक ट्रैकर डॉग नहीं बल्कि बरेली पुलिस परिवार का भरोसेमंद सदस्य था, जिसने पूरी निष्ठा, साहस और ईमानदारी के साथ अपनी सेवाएं दीं।