फतेहगंज पश्चिमी।
बरेली के फतेहगंज पश्चिमी ब्लॉक क्षेत्र में बिजली कनेक्शन कटने के बावजूद किसानों को लगातार बिजली बिल भेजे जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। समस्या का समाधान न होने पर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के मीरगंज तहसील अध्यक्ष चौधरी सुधीर बलियान ने बिजली घर के सामने अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी है।
जानकारी के अनुसार विकासखंड फतेहगंज पश्चिमी के गांव मनकरी निवासी किसान राम बहादुर ने कुछ समय पहले अपना बिजली कनेक्शन कटवाने के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि कनेक्शन कटने के बाद भी उन्हें हर महीने बिजली बिल भेजे जा रहे हैं। पीड़ित किसान ने कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका।
गुरुवार को भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के मीरगंज तहसील अध्यक्ष सुधीर बलियान पीड़ित किसान राम बहादुर और अन्य किसानों के साथ फतेहगंज पश्चिमी स्थित बिजली उपकेंद्र पहुंचे। वहां उन्होंने उपखंड अधिकारी (एसडीओ) अंकित द्विवेदी, वरिष्ठ लिपिक अंकिता सक्सेना और आदिल मलिक समेत अन्य अधिकारियों से मुलाकात कर समस्या के तत्काल समाधान की मांग की।
सुधीर बलियान ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसानों की समस्याओं का जल्द निस्तारण नहीं किया गया तो बिजली विभाग के खिलाफ अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
इस दौरान युवा तहसील अध्यक्ष विशाल पाल, वरिष्ठ संरक्षक राकेश कुमार, जिला मीडिया प्रभारी ठाकुर अरविंद सिंह, किसान राम बहादुर, पूरन लाल मौर्य, द्वारकी प्रसाद, गुरजेंट सिंह समेत कई किसान और भाकियू पदाधिकारी मौजूद रहे।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़
जिला संवाददाता बरेली