राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
नगर निगम कटनी के समीप स्थित दरगाह शरीफ में आयोजित होने वाले सैय्यद बाबा उर्स को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक नेहा विश्वकर्मा के मार्गदर्शन में यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं।
इसी क्रम में यातायात थाना प्रभारी अनूप सिंह एवं कोतवाली थाना प्रभारी श्रीमती राखी पाण्डेय ने उर्स आयोजन समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, कानून व्यवस्था एवं यातायात संचालन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
पुलिस अधिकारियों ने आयोजन समिति को निर्देश दिए कि पार्किंग स्थलों पर पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवकों की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं एवं वाहन चालकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े और यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
उर्स मेले के दौरान आमजन की सुविधा एवं यातायात को व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से आज शाम 6 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक मिशन चौक से मुख्य रेलवे स्टेशन जाने वाले मार्ग पर आंशिक यातायात डायवर्सन लागू किया गया है।
निर्धारित वैकल्पिक व्यवस्था के तहत मिशन चौक से रेलवे स्टेशन जाने वाले सभी वाहन अब मिशन चौक – मुड़वारा स्टेशन – थाना तिराहा – सुभाष चौक मार्ग होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। वहीं थाना तिराहा से मिशन चौक की ओर जाने वाला मार्ग पूर्णतः वन-वे रहेगा और विपरीत दिशा में वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों, श्रद्धालुओं एवं वाहन चालकों से अपील की है कि निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, यातायात नियमों का पालन करें तथा पुलिस एवं प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं में सहयोग प्रदान करें, जिससे उर्स आयोजन शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।