शहजाद आलम जिला संवाददाता
सिद्धार्थनगर।
जिले के आदर्श नगर पालिका परिषद बांसी में शनिवार को नामित सभासदों के शपथ ग्रहण एवं ‘माननीय कांशीराम जी शहरी आवास योजना’ के अंतर्गत आवास प्रमाण पत्र वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, नगर पालिका अधिकारी तथा क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे। समारोह का माहौल उत्साह और जनसहभागिता से भरपूर रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जगदम्बिका पाल, जय प्रताप सिंह, एमएलसी तथा भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या उपस्थित रहे। अतिथियों का नगर पालिका प्रशासन और स्थानीय कार्यकर्ताओं द्वारा माल्यार्पण एवं स्वागत के साथ अभिनंदन किया गया।
समारोह के दौरान शासन द्वारा नामित सभासदों श्रीमती सुशीला, राजाराम, मंगल चौरसिया, विरेन्द्र प्रताप, श्रीमती नंदनी श्रीवास्तव एवं घनश्याम जायसवाल को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। शपथ ग्रहण के बाद नवनियुक्त सभासदों ने नगर के विकास, स्वच्छता, जनसुविधाओं और नागरिक हितों के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका स्वागत किया।
अपने संबोधन में सांसद जगदम्बिका पाल ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं और जरूरतमंदों के उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि नगर निकायों की भूमिका शहरों के विकास में बेहद महत्वपूर्ण होती है और जनप्रतिनिधियों को जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना चाहिए। विधायक जय प्रताप सिंह ने कहा कि बांसी नगर पालिका क्षेत्र में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है तथा सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता है।
कार्यक्रम के दूसरे चरण में ‘माननीय कांशीराम जी शहरी आवास योजना’ के तहत 71 पात्र लाभार्थियों को आवास प्रमाण पत्र वितरित किए गए। प्रमाण पत्र प्राप्त करने के बाद लाभार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। कई लाभार्थियों ने कहा कि सरकार की पारदर्शी व्यवस्था के चलते उन्हें बिना किसी भेदभाव और भ्रष्टाचार के योजना का लाभ मिला है। उन्होंने सरकार और प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर प्रभारी एसडीएम विवेकानंद, नगर पालिका अध्यक्ष चमन आरा, ईओ जयप्रकाश सिंह यादव, जमील अहमद, प्रो. के.पी. त्रिपाठी, बजरंगी बर्मा, सोनू जायसवाल, निखिल प्रताप सिंह, कुबेर बारी, राजेंद्र त्रिपाठी, अनुपमा सिंह दुबे, चक्रधारी गौतम, संतोष सिंह, विरेन्द्र कुमार, रामसरन मौर्य, धर्मेंद्र कुमार, प्रभाष्कर राय, प्रमोद हिन्दू, सत्यनारायण मौर्य, श्याम बाबू, चंदन गुप्ता और पप्पू भाई सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। समारोह का समापन जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के संकल्प के साथ हुआ।