रिपोर्ट अजय सिंह तोमर
मुरैना
जिले में अवैध रेत खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में थाना नगरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से रेत का परिवहन कर रहे 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की हैं, जिनकी कुल कीमत करीब ₹14 लाख बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, दिनांक 24 मई 2026 को थाना नगरा पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि अटेर रोड पोरसा स्थित ग्राम ढका कीचौल मोड़ पर अवैध रूप से रेत का परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर चेकिंग लगाई और 2 ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोककर जांच की।
जांच के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली में अवैध रेत भरी पाई गई। जब चालकों से रेत परिवहन के वैध दस्तावेज मांगे गए, तो वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। वहीं आगे की कार्रवाई के लिए वन विभाग को भी सूचना दे दी गई है। वन विभाग द्वारा जब्त किए गए ट्रैक्टर-ट्रॉली को राजसात करने की कार्रवाई की जाएगी।