राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
शहर में कानून व्यवस्था एवं सुगम यातायात बनाए रखने के उद्देश्य से कटनी पुलिस लगातार सक्रिय नजर आ रही है। इसी क्रम में बस स्टैंड स्थित राधिका होटल के समीप आयोजित मेले का पुलिस अधिकारियों द्वारा निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया के मार्गदर्शन में नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के हमराह थाना प्रभारी यातायात निरीक्षक अनूप सिंह ने पुलिस चौकी बस स्टैंड स्टाफ एवं यातायात पुलिस बल के साथ मेले का भ्रमण किया।
निरीक्षण के दौरान मेले में लगे झूलों एवं अन्य मनोरंजन उपकरणों की सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से परीक्षण किया गया। अधिकारियों ने सुरक्षा मानकों की स्थिति का अवलोकन करते हुए आयोजकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके साथ ही मेले में आने वाले नागरिकों, महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात व्यवस्था, पार्किंग प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया।
नगर पुलिस अधीक्षक ने मेले के आयोजकों से चर्चा करते हुए निर्देश दिए कि मेले में पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम, विद्युत सुरक्षा, आपातकालीन निकास मार्ग एवं सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना अथवा अव्यवस्था की स्थिति निर्मित न हो। पुलिस अधिकारियों ने मेले में सतत निगरानी बनाए रखने के भी निर्देश दिए।
कटनी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मेले में भ्रमण के दौरान यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित स्थानों पर ही वाहन पार्क करें तथा सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।