बरेली।
जनपद के फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र के मीरापुर गांव में धार्मिक स्थल को नुकसान पहुंचाए जाने के मामले को लेकर सोमवार को दो समुदायों के बीच अचानक तनाव की स्थिति बन गई। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और गांव का माहौल तनावपूर्ण हो गया।
जानकारी के अनुसार, गांव के बाहर स्थित एक ही परिसर में दोनों समुदायों के धार्मिक स्थल स्थित हैं, जिनका मुख्य प्रवेश द्वार भी साझा है। एक समुदाय इसे “अंजीर बाबा” और दूसरा “अंजीर मियां” के नाम से जानता है। आरोप है कि बीती रात अज्ञात लोगों द्वारा एक देव स्थान को क्षतिग्रस्त कर दिया गया, जिसके बाद मामला तूल पकड़ गया।
घटना से आक्रोशित एक पक्ष के शिकायतकर्ता जगदीश शर्मा और जयपाल ने आरोप लगाया कि उनके देव स्थान को दूसरे समुदाय के लोगों ने नुकसान पहुंचाया है। शिकायत के बाद मामला प्रशासन तक पहुंचा, जिसके बाद मौके पर अरविंद कुमार और प्रवीन कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।
दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक और आरोप-प्रत्यारोप के बीच प्रशासनिक अधिकारियों ने सूझबूझ दिखाते हुए दोनों समुदायों को बातचीत के लिए आमने-सामने बैठाया। कई दौर की बातचीत के बाद भी शुरुआती तौर पर सहमति नहीं बन पाई, लेकिन अधिकारियों की सख्ती और समझाइश के बाद स्थिति धीरे-धीरे शांत हुई।
नायब तहसीलदार अरविंद कुमार ने बताया कि
“मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझाया गया। विवादित स्थल का निरीक्षण किया गया और दोनों समुदायों को शांति बनाए रखने की सख्त हिदायत दी गई है। आपसी सहमति के आधार पर निर्णय लिया गया है कि टूटी हुई संरचना की मरम्मत कराई जाएगी और भविष्य में किसी भी प्रकार का नया निर्माण नहीं किया जाएगा। गांव में अब पूरी तरह शांति है और स्थिति नियंत्रण में है।”
थाना प्रभारी प्रवीन कुमार ने बताया कि समझौते के तहत दोनों पक्षों ने लिखित सहमति भी दी, जिसके बाद तनाव समाप्त हो गया। थाना प्रभारी में यह भी स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी जारी रहेगी और किसी भी प्रकार की अफवाह या भड़काऊ गतिविधि पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली