फतेहगंज पश्चिमी।
थाना क्षेत्र के गांव टिटौली गांव में बकरी बांधने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि दबंगों ने महिला के घर में घुसकर जमकर मारपीट की और पुलिस में शिकायत करने पर अगले दिन फिर हमला बोल दिया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता फरजाना के मुताबिक गांव की मुनीशा ने उनकी जगह में बकरी बांध दी थी। विरोध करने पर मुनीशा समेत मेंहदी हसन, अब्दुल सईद, इरफान, शमशुल और हसनैन आगबबूला हो गए और घर में घुसकर मारपीट शुरू कर दी। हमले में फरजाना घायल हो गईं।
बताया जाता है कि पीड़िता ने मामले की शिकायत पुलिस से कर दी। इससे नाराज आरोपियों ने अगले ही दिन फिर एक राय होकर फरजाना के घर धावा बोल दिया और दोबारा मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना रहा।
वहीं फतेहगंज पश्चिमी पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली