झांसी ब्रेकिंग
“वो बार-बार कह रही थी कि अब साथ रहना होगा, शादी करनी होगी… लेकिन मैं तैयार नहीं था। इसी बात पर झगड़ा हुआ और गुस्से में मैंने कुल्हाड़ी से वार कर दिया…”
टोड़ीफतेहपुर पुलिस की पूछताछ में आरोपी रक्षपाल बघेल ने जब यह कबूलनामा किया, तो रजनी हत्याकांड की पूरी कहानी सामने आ गई।
झांसी के टोड़ीफतेहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बुढ़ाई में हुई महिला की निर्मम हत्या का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून से सनी कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है।
पुलिस के मुताबिक, 22 मई 2026 को ग्राम बुढ़ाई निवासी रजनी अहिरवार (35) पत्नी भूपत अहिरवार का शव घर में लहूलुहान हालत में मिला था। महिला के सिर और शरीर पर धारदार हथियार के कई गहरे वार थे। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई थी। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी मऊरानीपुर की निगरानी में टोड़ीफतेहपुर पुलिस ने मामले की तह तक पहुंचने के लिए कई लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान पुलिस का शक गांव के ही रहने वाले रक्षपाल बघेल पर गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की तो उसने हत्या की पूरी वारदात कबूल ली।
आरोपी ने बताया कि उसका रजनी के साथ पिछले करीब आठ महीनों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों के बीच अक्सर बातचीत होती थी और मुलाकातें भी होती थीं। लेकिन पिछले कुछ समय से रजनी उस पर शादी करने और अपने साथ रखने का दबाव बना रही थी।
हत्या वाली रात भी रजनी ने उसे अपने घर बुलाया था। वहां दोनों के बीच शादी और साथ रहने को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी आपा खो बैठा। गुस्से में उसने पास रखी कुल्हाड़ी उठाई और रजनी पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोटों के चलते महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। हालांकि पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर शनिवार देर रात उसे गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई, और आरोपी को जेल भेज दिया है।
झांसी से मिलन परिहार की रिपोर्ट