लोकेशन टीकमगढ़
रिपोर्टर महेंद्रकुमार दुबे बॉबी
टीकमगढ़। शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव और जाम की समस्या को देखते हुए प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। सड़क सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय ने नगर पालिका अध्यक्ष, पार्षदों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने को लेकर विस्तृत चर्चा की।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में शहर के प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में व्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था विकसित करने पर मंथन किया गया। अधिकारियों ने शहर में बढ़ते वाहनों और अव्यवस्थित पार्किंग से उत्पन्न समस्याओं पर चिंता जताई।
बैठक में “नो व्हीकल” और “हॉकर ज़ोन” विकसित किए जाने के प्रस्ताव पर भी विचार किया गया, ताकि बाजार क्षेत्रों में लोगों को जाम और अव्यवस्था से राहत मिल सके। इसके अलावा शहर के बाहर ट्रांसपोर्ट नगर बनाए जाने को लेकर भी सुझाव रखे गए, जिससे भारी वाहनों की शहर के अंदर आवाजाही को नियंत्रित किया जा सके।
कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय ने संबंधित अधिकारियों को सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों में तेजी लाने और आम नागरिकों की सुविधा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार ठोस कदम उठा रहा है।
कलेक्टर ने कहा कि सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था सुधारना प्रशासन की प्राथमिकता है तथा पार्किंग, ट्रांसपोर्ट नगर और ट्रैफिक मैनेजमेंट को लेकर जल्द प्रभावी कार्यवाही की जाएगी।
प्रशासन की इस पहल से उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले समय में टीकमगढ़ शहर को जाम और अव्यवस्थित ट्रैफिक की समस्या से काफी हद तक राहत मिल सकेगी।