हरिकेश मिश्रा इंडियन न्यूज़ टीवी रिपोर्टर
प्रयागराज / मेजा खास।
प्रयागराज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मेजा की स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार सीएचसी मेजा के अधीक्षक डॉ. शमीम अख्तर पिछले लगभग एक सप्ताह से अस्पताल नहीं पहुंच रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि इतने बड़े सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक के लगातार अनुपस्थित रहने के बावजूद प्रशासन मौन बना हुआ है।
मामले की जानकारी मिलने पर इंडियन न्यूज़ टीवी के रिपोर्टर पत्रकार हरिकेश मिश्रा मौके पर पहुंचे। अस्पताल पहुंचने पर अधीक्षक डॉ. शमीम अख्तर का चैंबर बंद मिला और बाहर ताला लटका हुआ था। जब वहां मौजूद लोगों और कर्मचारियों से पूछताछ की गई तो पता चला कि अधीक्षक कई दिनों से अस्पताल नहीं आए हैं।
जांच के दौरान अस्पताल की एक और बड़ी लापरवाही सामने आई। मरीजों और तीमारदारों ने बताया कि अस्पताल में डीपसेट (पाइप) उपलब्ध नहीं है और मरीजों को बाहर मेडिकल स्टोर से खरीदकर लाना पड़ रहा है। वार्ड में भर्ती मरीजों ने बताया कि अस्पताल से सिर्फ ग्लूकोज दिया गया, जबकि डीपसेट बाहर से खरीदना पड़ा।
जब इस संबंध में अस्पताल स्टाफ से बात की गई तो उनका कहना था कि अस्पताल में डीपसेट खत्म हो चुका है, इसलिए मरीजों से बाहर से मंगवाया जा रहा है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए इंडियन न्यूज़ टीवी के रिपोर्टर हरिकेश मिश्रा ने सीएमओ प्रयागराज से फोन पर बातचीत की। इस पर सीएमओ ने कहा कि “हमारे यहां डीपसेट उपलब्ध है, आखिर फार्मासिस्ट लेने क्यों नहीं आ रहे हैं?” वहीं अधीक्षक की गैरमौजूदगी पर सीएमओ ने कहा कि “दो से तीन दिन के भीतर वहां नया अधीक्षक भेजा जाएगा।”
अब सवाल यह उठता है कि जब अस्पताल में जरूरी सामान उपलब्ध नहीं है और अधीक्षक कई दिनों से गायब हैं, तो आखिर मरीजों की जिम्मेदारी कौन संभाल रहा है? क्या स्वास्थ्य विभाग किसी बड़ी घटना का इंतजार कर रहा है?
पत्रकार : हरिकेश मिश्रा इंडियन न्यूज़ टीवी रिपोर्टर
स्थान : मेजा खास, प्रयागराज