राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
नगर पालिक निगम कटनी द्वारा नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार 31 मई को प्रातः 7 बजे से मदन मोहन चौबे वार्ड स्थित डन कॉलोनी में ‘राहगीरी डे’ कैंपेन 2026 का आठवां भव्य आयोजन किया जाएगा।
नगर निगम के इस अभिनव आयोजन ने शहर में जनभागीदारी का एक नया उदाहरण प्रस्तुत किया है। खुले वातावरण में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम नागरिकों को स्वास्थ्य, फिटनेस, स्वच्छता और सकारात्मक ऊर्जा से जोड़ने का माध्यम बन रहा है। आयोजन में योग, जुंबा, साइकिल रेस, स्केटिंग, विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं, डांस, रंगोली प्रतियोगिता एवं मैजिक शो जैसी मनोरंजक और प्रेरणादायक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता जागरूकता को विशेष महत्व देते हुए फोर बिन प्रेजेंटेशन, प्लास्टिक प्रतिबंध अभियान, नुक्कड़ नाटक, हस्ताक्षर अभियान तथा स्वच्छता शपथ का आयोजन भी किया जाएगा। इन गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ शहर के निर्माण का संदेश दिया जाएगा।
नगर निगम प्रशासन ने शहरवासियों से परिवार और मित्रों के साथ कार्यक्रम में सहभागिता करने की अपील की है। निगम का मानना है कि ‘राहगीरी डे’ केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ, स्वच्छ और जागरूक समाज के निर्माण की दिशा में एक जनआंदोलन बनता जा रहा है।
रविवार सुबह आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम शहरवासियों के लिए स्वास्थ्य, मनोरंजन और सामाजिक जागरूकता का अनूठा अवसर साबित होगा।