किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही।
पेंड्रा में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने मृतक का शव दुर्गा चौक पर रखकर चक्काजाम कर दिया और पुलिस से मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज करने की मांग की। हालांकि बाद में प्रशासन और पुलिस अधिकारियों की समझाइश के बाद परिजनों ने प्रदर्शन और चक्काजाम समाप्त कर दिया।
मृतक की पहचान सुरेंद्र कश्यप के रूप में हुई है, जो पेशे से बोरवेल मिस्त्री था। उसकी लाश पेंड्रा के समीप घसियापारा क्षेत्र में संदिग्ध हालत में मिली थी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई।
परिजनों का आरोप है कि सुरेंद्र की मौत सामान्य नहीं है, बल्कि उसकी सुनियोजित तरीके से हत्या की गई है। इसी मांग को लेकर परिजन और स्थानीय लोग शव को लेकर पेंड्रा के व्यस्त दुर्गा चौक पहुंच गए और सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। चक्काजाम के कारण चारों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पेंड्रा थाना पुलिस बल तैनात किया गया। प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। काफी देर तक चली समझाइश के बाद परिजनों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया और शव का अंतिम संस्कार करने पर सहमति जताई।
भाई ने उठाए कई सवाल, कहा- यह हादसा नहीं हत्या है
मृतक के भाई राजेंद्र कश्यप ने घटना को हत्या का मामला बताते हुए कई गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि परिवार को शुरू में बताया गया कि सुरेंद्र की लाश नाली में गिरी हुई मिली है, जबकि जिस स्थान पर शव मिला, वहां कोई नाली ही नहीं है।
राजेंद्र के अनुसार, सुरेंद्र का शव एक आम के पेड़ के सहारे टिकाकर रखा गया था। वहीं उसकी मोटरसाइकिल शव से काफी दूरी पर खड़ी मिली। इसके अलावा उसके काम में उपयोग होने वाले औजार, जिनमें पाना और पेचकस शामिल हैं, तथा उसका पर्स भी मौके से गायब था।
उन्होंने बताया कि जब सुरेंद्र की पत्नी ने उसके मोबाइल फोन पर कॉल किया तो फोन किसी अनजान व्यक्ति ने उठाया। इन सभी परिस्थितियों को देखते हुए परिजनों का मानना है कि यह दुर्घटना नहीं बल्कि हत्या का मामला है। परिवार ने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर दोषियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।
पुलिस बोली- हर पहलू की गंभीरता से जांच जारी
मामले को लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अविनाश मिश्रा ने बताया कि शनिवार रात पेंड्रा के सारथी मोहल्ला क्षेत्र में एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा मिला था। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एएसपी ने बताया कि थाना पेंड्रा में मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया था। परिजनों को हत्या की आशंका थी, जिसके चलते वे शव लेकर दुर्गा चौक पहुंच गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया था
उन्होंने कहा कि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में हत्या की पुष्टि होती है तो संबंधित आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की जांच में जुटी हुई है और मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।