राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
शहर में सुगम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए नगर निगम प्रशासन द्वारा अतिक्रमण और नियमों के विरुद्ध संचालित व्यवसायों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में मंगलवार को बरगवां क्षेत्र में संचालित एक कबाड़ व्यवसाय पर निगम प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिष्ठान को सील कर दिया।
जानकारी के अनुसार मदन मोहन चौबे वार्ड अंतर्गत बरगवां निवासी एक कबाड़ व्यवसायी द्वारा सार्वजनिक मार्ग एवं आसपास के क्षेत्र में बड़ी मात्रा में कबाड़ सामग्री रखकर व्यवसाय संचालित किया जा रहा था। इससे आम नागरिकों के आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही थी और यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। साथ ही क्षेत्र में सुरक्षा संबंधी जोखिम भी बढ़ रहे थे।
अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह ने बताया कि संबंधित व्यवसायी को पूर्व में कई बार मौखिक एवं लिखित रूप से चेतावनी दी गई थी। शिकायत प्राप्त होने के बाद मंगलवार को निगम अमले ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया, जहां नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए प्रतिष्ठान को सील कर दिया गया।
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक सड़कों, मार्गों एवं स्थलों पर अतिक्रमण या नियम विरुद्ध व्यवसायिक गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नागरिकों और व्यापारियों से अपील की गई है कि वे निर्धारित नियमों का पालन करते हुए अपने व्यवसाय का संचालन करें तथा सार्वजनिक मार्गों को अवरुद्ध न करें।
नगर निगम का कहना है कि शहर में बेहतर यातायात व्यवस्था, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं को सुनिश्चित करने के लिए अतिक्रमण एवं नियम विरुद्ध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।