नर्मदापुरम स्थित प्रतिभूति कागज कारखाना (SPM) में तीन यूनियन पदाधिकारियों के निलंबन के विरोध में कर्मचारियों का धरना दूसरे दिन भी जारी है। यूनियन के बैनर तले कर्मचारी मिल गेट पर प्रदर्शन कर रहे हैं और प्रबंधन से निलंबन आदेश वापस लेने की मांग कर रहे हैं। यूनियन का आरोप है कि वरिष्ठ उपाध्यक्ष राघवेंद्र गौर, पवन चौधरी और उपाध्यक्ष खुमान सिंह को बिना किसी पूर्व सूचना, स्पष्टीकरण या विभागीय जांच प्रक्रिया पूरी किए बिना निलंबित कर दिया गया। इस कार्रवाई से कर्मचारियों में गहरा असंतोष है।
विओं- यूनियन का कहना है कि 29 मई को एक फोन कॉल को लेकर विवाद हुआ था। यूनियन पदाधिकारी के अनुसार, कॉल गलत नंबर पर डायल होने के कारण डिप्टी मैनेजर अजय गुप्ता से बातचीत हुई, जिसके बाद कथित रूप से अभद्र भाषा और विवाद की स्थिति बनी। यूनियन का आरोप है कि इस घटना के बाद हुई झड़प में पवन चौधरी को चोट भी आई।
यूनियन नेताओं का कहना है कि मामले की शिकायत प्रबंधन से करने के बावजूद कार्रवाई डिप्टी मैनेजर पर न होकर तीन यूनियन पदाधिकारियों पर की गई, जो अन्यायपूर्ण है। फिलहाल कारखाने का उत्पादन कार्य प्रभावित नहीं हुआ है, लेकिन यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन और तेज किया जाएगा और कामकाज ठप भी किया जा सकता है। धरना स्थल पर कर्मचारी लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं और प्रबंधन से वार्ता की मांग कर रहे हैं।
राजेंद्र धाकड़ नर्मदापुरम