फतेहगंज पश्चिमी।
थाना क्षेत्र के एक गांव से मंगलवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में एक किशोरी के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मुरादाबाद निवासी एक युवक के खिलाफ बहला-फुसलाकर ले जाने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात किशोरी अपने घर से अचानक गायब हो गई। रात में जब परिजनों की नींद खुली तो वह बिस्तर पर नहीं मिली। इसके बाद परिवार के लोगों ने रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका।
किशोरी के पिता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी पुत्री की बातचीत जिला मुरादाबाद निवासी रोहित सैनी नामक युवक से होती थी। परिजनों का आरोप है कि युवक ने किशोरी को अपने झांसे में लेकर रात के समय घर से भगा लिया। पिता ने यह भी बताया कि पूर्व में किशोरी के पास से एक पुराना मोबाइल फोन बरामद हुआ था, जिसके माध्यम से दोनों के संपर्क में होने की जानकारी मिली थी।
पुलिस ने पिता की तहरीर के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना पुलिस का कहना है कि किशोरी की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही किशोरी को सकुशल बरामद करने का प्रयास किया जाएगा।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली