राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार को ढीमरखेड़ा क्षेत्र के ग्राम दशरमन स्थित दतला नदी के विभिन्न घाटों पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रेत परिवहन के लिए बनाए गए रैम्प और मार्गों को जेसीबी मशीन से ध्वस्त कर दिया।
कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर सिलौड़ी के नायब तहसीलदार खगेश भलावी के नेतृत्व में राजस्व एवं प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। टीम ने दतला नदी के तटीय क्षेत्रों में अवैध रूप से तैयार किए गए रैम्पों को तोड़ते हुए परिवहन मार्गों पर गहरे गड्ढे खुदवाकर रास्तों को पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया, ताकि भविष्य में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन की गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
प्रशासन की यह कार्रवाई सुनारखेड़ा घाट, डबरी घाट, बम्होरी दतला घाट एवं शंकर घाट बम्होरी में की गई, जहां लंबे समय से अवैध रेत परिवहन के लिए रास्ते तैयार किए गए थे।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन में संलिप्त लोगों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
बाइट/एंकर लिंक:
“कटनी जिले में रेत माफियाओं के खिलाफ प्रशासन का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। दतला नदी के चार घाटों पर जेसीबी चलाकर अवैध रैम्प और परिवहन मार्गों को ध्वस्त कर दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।”