बारिपदा
स्थानीय शहीद स्मृति भवन में बारिपदा कलाकार परिवार के तत्वावधान में आयोजित 6वें वार्षिक नाट्य महोत्सव की चौथी संध्या में नाटक ‘गोइठा बाबा’ का सफल मंचन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कलाकार परिवार के अध्यक्ष संतोष महांति ने की।मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका अध्यक्ष कृष्णानंद महांति, आरएमसी उपाध्यक्ष मलय कुमार जेना, वरिष्ठ नाटककार क्षीरोद बिहारी सीट तथा उपाध्यक्ष डॉ. प्रकाश चंद्र दास उपस्थित रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया और महोत्सव की सफलता की कामना की। कलाकार परिवार के पदाधिकारियों ने कला एवं कलाकारों को प्रोत्साहित करने के लिए उपस्थित दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त किया।ज्ञानरंजन पंडा ने मंच संचालन किया, जबकि सचिव असित गिरी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।‘वास्तव’ नाट्य संस्था द्वारा प्रस्तुत इस नाटक का लेखन दिवंगत नाटककार रणजीत पटनायक ने किया था तथा निर्देशन अन्नदा शंकर दास ने किया। नाटक में राजेन्द्र साहू, सुधांशु चक्र, धर्मपद नंदी, सोमनाथ सिंह, कुंदन भंज, मनोरंजन परिड़ा, सत्यजीत साहू, सुब्रत कुमार दे, अन्नदा शंकर दास और लिप्सा पंडा ने प्रभावशाली अभिनय किया। मंच सज्जा नरसिंह बारिक, संगीत गुरु नंदकिशोर दास, रूप सज्जा मनोरंजन महांत, प्रकाश व्यवस्था अनिकेत दास तथा मंच संचालन में सत्यानंद शेजपड़ा ने सहयोग किया।नाटक का विषय वर्तमान समाज में एक सामान्य नागरिक पर राजनीतिक, आर्थिक और सामाजिक व्यवस्थाओं के बढ़ते दबाव को केंद्र में रखता है। परिस्थितियों से त्रस्त व्यक्ति किस प्रकार ‘गोइठा बाबा’ बनकर अपने भीतर के आक्रोश और घृणा को समाज के सामने प्रकट करता है, इसका सशक्त चित्रण नाटक में किया गया। कलाकारों के सजीव एवं प्रभावशाली अभिनय ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा और उन्हें मंत्रमुग्ध कर दिया।इस अवसर पर निर्देशक सहित सभी कलाकारों को आयोजकों द्वारा सम्मानित किया गया। साथ ही ओडिशा के प्रतिष्ठित दिवंगत नाटककार रणजीत पटनायक की धर्मपत्नी दीप्ति पटनायक को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।महोत्सव की अगली प्रस्तुति 5 जून (शुक्रवार) को होगी, जिसमें ‘उज्जयिनी’ नाट्यशाला द्वारा प्रस्तुत नाटक ‘मिडिल क्लास’ का मंचन किया जाएगा। इस नाटक का लेखन सोमनाथ साहू तथा निर्देशन महेश साहू (तपु बाबा) करेंगे। यह जानकारी मीडिया संयोजक सोमनाथ सिंह ने दी।