शहजाद आलम जिला संवाददाता
सिद्धार्थनगर।
जनपद पुलिस ने एक बार फिर अपनी सक्रियता और तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए विभिन्न स्थानों से गुम हुए 63 मल्टीमीडिया एवं एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिया। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 9 लाख 10 हजार रुपये बताई गई है। अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने सिद्धार्थनगर पुलिस का हृदय से आभार व्यक्त किया।
पुलिस कार्यालय तथा संबंधित थानों को जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से मोबाइल फोन गुम होने की सूचनाएं प्राप्त हुई थीं। इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपदीय सर्विलांस सेल और विभिन्न थानों में सीईआईआर (CEIR) पोर्टल पर नियुक्त कर्मचारियों को मोबाइल बरामदगी के लिए लगाया गया। टीम ने लगातार तकनीकी निगरानी और अथक प्रयासों के माध्यम से 63 मोबाइल फोन खोज निकाले।
शनिवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने बरामद मोबाइल फोन उनके मालिकों को सौंपे। मोबाइल प्राप्त करने वाले लोगों ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका खोया हुआ मोबाइल दोबारा मिल पाएगा, लेकिन पुलिस की मेहनत और तकनीकी कार्यप्रणाली के कारण यह संभव हो सका।
इस अवसर पर मोबाइल धारकों को अपने मोबाइल फोन की सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया गया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे अपने मोबाइल की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें और किसी भी प्रकार की गुमशुदगी की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
मोबाइल बरामदगी की इस सफलता में सर्विलांस सेल प्रभारी उपनिरीक्षक हरेन्द्र चौहान, मुख्य आरक्षी विवेक कुमार मिश्रा, मुख्य आरक्षी जनार्दन प्रजापति, मुख्य आरक्षी पुष्पेन्द्र, आरक्षी अभिनन्दन सिंह तथा आरक्षी संजीव कुमार गोयल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जनपद पुलिस की इस कार्रवाई की क्षेत्रभर में सराहना की जा रही है।