राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी
शहर के विकास और बेहतर सड़कों के दावों के बीच मिशन चौक पर बना एक बड़ा गड्ढा नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है। शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल इस चौक से प्रतिदिन हजारों वाहन चालक और राहगीर गुजरते हैं, लेकिन लंबे समय से मौजूद यह गड्ढा किसी बड़ी दुर्घटना को खुला न्योता देता नजर आ रहा है।
हैरानी की बात यह है कि गड्ढे के ठीक सामने पेट्रोल पंप स्थित है और नगर निगम कार्यालय भी यहां से महज कुछ कदम की दूरी पर है। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों की नजर इस समस्या पर नहीं पड़ रही है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बरसात के मौसम में यह गड्ढा और अधिक खतरनाक साबित हो सकता है, जिससे दोपहिया वाहन चालकों के हादसे की आशंका बढ़ गई है।
नगर निगम द्वारा शहर के विकास को लेकर बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन मिशन चौक की यह बदहाल स्थिति उन दावों की हकीकत बयां कर रही है। सवाल यह है कि आखिर इस गड्ढे की मरम्मत के लिए निगम प्रशासन किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है या फिर जनसुरक्षा से जुड़े ऐसे मुद्दे सिर्फ फाइलों और कागजों तक ही सीमित रह गए हैं?
अब देखना यह होगा कि जिम्मेदार विभाग इस गंभीर समस्या पर कब संज्ञान लेता है और नागरिकों को राहत कब मिलती है।