शहजाद आलम जिला संवाददाता
सिद्धार्थनगर।
सिद्धार्थनगर जिले के डुमरियागंज थाना मुख्यालय स्थित राप्ती नदी में रविवार को नहाने के दौरान एक 18 वर्षीय युवक के डूबने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि स्थानीय लोग और नाविक युवक की तलाश में लगातार जुटे हुए हैं। घटना डुमरियागंज स्थित राप्ती नदी पुल के पूर्वी छोर पर स्थित गंगा माई झाल के पास की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार नगर पंचायत डुमरियागंज के आजाद नगर वार्ड नंबर-2 निवासी सुहेल (18 वर्ष) पुत्र अयलब रविवार को अपने कुछ दोस्तों के साथ राप्ती नदी में नहाने गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी की ओर चला गया। साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव और अधिक गहराई के कारण वह देखते ही देखते पानी में डूब गया।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ नदी किनारे एकत्र हो गई। युवक के डूबने की खबर सुनते ही उसके परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक एवं चिंता का माहौल बना हुआ है।
स्थानीय लोगों ने तत्काल नाविकों की सहायता से युवक की तलाश शुरू कर दी। कई घंटों से चल रहे खोज अभियान के बावजूद समाचार लिखे जाने तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका था। नदी में लगातार खोजबीन की जा रही है और आसपास के लोग भी तलाश अभियान में सहयोग कर रहे हैं।
थाना प्रभारी डुमरियागंज श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि युवक के नदी में डूबने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेज दिया गया है। स्थानीय गोताखोरों, नाविकों और स्थानीय लोगों की मदद से युवक की लाश राप्ती नदी से निकाला जा सका और शव का पंचनामा करके परिजनों को सौंप दिया गया है।