फतेहगंज पश्चिमी।
भीषण गर्मी के बीच कस्बावासियों और राहगीरों को राहत देने के उद्देश्य से नगर पंचायत द्वारा लगाए गए ठंडे पानी के फ्रीजर और वाटर कूलर अब खुद बदहाली का शिकार हो गए हैं। कस्बे के विभिन्न स्थानों पर लगाए गए अधिकांश वाटर कूलर या तो खराब पड़े हैं, उनमें पानी की व्यवस्था नहीं है, या फिर वे ठंडा पानी देने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रहे हैं। ऐसे में शीतल जल की आस लेकर पहुंचने वाले लोग निराश होकर लौटने को मजबूर हैं।
कस्बे के प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर लगाए गए फ्रीजरों की हालत देखकर नगर पंचायत की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े होने लगे हैं। लोधीनगर चौराहे पर लगा वाटर कूलर लंबे समय से खराब पड़ा हुआ है, जबकि कई स्थानों पर फ्रीजरों में टंकियां तक नहीं लगी हैं। जहां पानी उपलब्ध है, वहां गंदगी और रखरखाव की कमी लोगों की परेशानी बढ़ा रही है।
सबसे चिंताजनक स्थिति कस्बा चौकी के सामने स्थापित वाटर कूलर की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार यह फ्रीजर लंबे समय से खराब पड़ा है और अब उसके आसपास कूड़ा डाला जाने लगा है। मशीनरी और कूलिंग सिस्टम खराब होने के कारण यह पूरी तरह बेकार साबित हो रहा है।
वरिष्ठ व्यापारी सचिन चौहान ने नगर पंचायत की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि नगर पंचायत अध्यक्ष इमराना बेगम क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान को लेकर पर्याप्त सक्रिय नहीं दिख रही हैं। उनका कहना है कि कस्बे में गंदगी, कूड़े के ढेर, टूटी नालियां और जर्जर सड़कें पहले से ही लोगों की परेशानी बढ़ा रही हैं, वहीं अब पीने के पानी की समस्या ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।
वहीं सभासद पति प्रेम कोरी और सभासद अबोध सिंह ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद नगर पंचायत प्रशासन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ रहा है। उनका कहना है कि जनप्रतिनिधियों की बातों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा, जिससे जनता की समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं।
हालांकि नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि हारुन चौधरी ने बताया कि खराब पड़े वाटर कूलरों और फ्रीजरों की मरम्मत के लिए ठेकेदारों को कार्य आवंटित कर दिया गया है। साथ ही नालों की सफाई का कार्य भी जल्द शुरू कराया जाएगा ताकि बरसात और गर्मी के मौसम में लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उधर अधिशासी अधिकारी पुष्पेंद्र राठौर ने कहा कि प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी सभी खराब फ्रीजरों और वाटर कूलरों को जल्द ठीक कराया जाएगा। नगर पंचायत का प्रयास है कि कस्बावासियों को स्वच्छ और शीतल पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।
जनता का सवाल
गर्मी अपने चरम पर है और तापमान लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में लोगों का कहना है कि जब राहत देने के लिए लगाए गए वाटर कूलर ही खराब पड़े रहेंगे तो आम जनता को आखिर राहत कैसे मिलेगी? कस्बावासी अब नगर पंचायत के आश्वासनों से ज्यादा जमीनी कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़
जिला संवाददाता बरेली