लोकेशन मोतिहारी
मोतिहारी। डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से राधाकृष्ण सिकरिया बी.एड. कॉलेज के सभागार में “साइबर सुरक्षा एवं महिला सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित होकर छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव, ऑनलाइन सुरक्षा, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के अध्यक्ष डॉ. शंभू नाथ सिकरिया, सचिव यमुना कुमार सिकरिया, साइबर एएसपी प्रीतिश कुमार मोतिहारी, एएसपी सह मुफ़सील थाना प्रभारी कुमारी प्रियंका, इंस्पेक्टर साइबर मनीष कुमार, तथा बैंक ऑफ इंडिया के मंटू कुमार एवं परिसपिल प्रीति दुबे द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात कॉलेज प्रबंधन की ओर से सभी अतिथियों को पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए साइबर एएसपी प्रीतिश कुमार ने कहा कि आज साइबर अपराध केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं रह गए हैं, बल्कि गांव और कस्बों तक भी पहुंच चुके हैं। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधी लोगों की छोटी-सी गलती का फायदा उठाकर उनके बैंक खातों से पैसे निकाल लेते हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक को सतर्क और जागरूक रहने की आवश्यकता है।
बिहार मोतिहारी से ब्यूरो अमरजीत सिंह