राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
आगामी वर्षा ऋतु और शहर की व्यवस्थाओं को लेकर नगर निगम प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। सोमवार को नगर निगम के एमआईसी सभागार में आयोजित समय-सीमा की बैठक में निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों और लंबित प्रकरणों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, सीएम हेल्पलाइन, महापौर जनसुनवाई, न्यायालयीन प्रकरण, मानवाधिकार संबंधी शिकायतों सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। निगमायुक्त ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए अगले 15 दिनों में रैंकिंग सुधारने और अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
अमृत योजना के तहत शहर में चल रहे सीवर और पाइपलाइन विस्तार कार्यों की समीक्षा करते हुए निगमायुक्त ने वर्षा ऋतु से पहले सभी रेस्टोरेशन और पेंचवर्क कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही नागरिकों की सुरक्षा और सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए नए स्थानों पर रोड कटिंग कार्य फिलहाल नहीं करने को कहा।
बैठक में जलभराव की समस्या से निपटने की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। निगमायुक्त ने शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में नालों की सफाई, ड्रेनेज व्यवस्था के रखरखाव और खुले चैंबरों को तत्काल ढंकने के निर्देश दिए ताकि बारिश के दौरान नागरिकों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा के दौरान बताया गया कि अब तक 60 सार्वजनिक कुओं की सफाई, 94 हैंडपंप और बोरवेल रिचार्ज के लिए सोकपिट निर्माण का कार्य किया जा चुका है। वहीं शहर में 26 सार्वजनिक प्याऊ भी संचालित किए जा रहे हैं। निगमायुक्त ने रेन वाटर हार्वेस्टिंग और पोर्टल एंट्री कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
इसके अलावा निगमायुक्त ने आवारा मवेशियों और श्वानों की समस्या, जर्जर भवनों पर कार्रवाई, फायर सेफ्टी नियमों के पालन, निगम संपत्तियों के संरक्षण, स्कूलों और कार्यालयों की मरम्मत, रोड मार्किंग, जेब्रा क्रॉसिंग तथा पार्किंग व्यवस्था की भी समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में निगम के वरिष्ठ अधिकारियों, कार्यपालन यंत्रियों, सहायक यंत्रियों, स्वास्थ्य एवं राजस्व अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।