राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
कुठला थाना क्षेत्र अंतर्गत चाका स्थित एक बॉडी रिपेयर शॉप में सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब रिपेयरिंग के लिए खड़े एक डंपर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं और पूरे क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति निर्मित हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही कुठला थाना प्रभारी अखिलेश दहिया पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बिना समय गंवाए आग बुझाने के प्रयास शुरू किए और फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
थाना प्रभारी अखिलेश दहिया ने बताया कि चाका स्थित भंटी पटेल बॉडी केबिन रिपेयर्स में डंपर क्रमांक CG 04 PC 2687 मरम्मत के लिए आया हुआ था। सोमवार सुबह करीब 11 बजे मरम्मत कार्य के दौरान अचानक उसमें आग लग गई। आग तेजी से फैलने लगी, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि पुलिस समय पर मौके पर नहीं पहुंचती तो आग आसपास खड़े अन्य वाहनों और प्रतिष्ठानों तक फैल सकती थी, जिससे बड़ा नुकसान होने की आशंका थी।
घटना के दौरान कुठला पुलिस के जवानों ने स्वयं मोर्चा संभालते हुए आग बुझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस की तत्परता और साहसिक कार्रवाई की स्थानीय नागरिकों ने सराहना करते हुए संतोष व्यक्त किया है।