कटनी।
जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्लीमनाबाद तहसील के ग्राम कौड़िया में पदस्थ पटवारी स्वयं प्रकाश मेहरा को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पटवारी किसान से जमीन के सीमांकन की रिपोर्ट तैयार करने के एवज में रिश्वत की मांग कर रहा था।
जानकारी के अनुसार, ग्राम कौड़िया निवासी किसान शिव कुमार जायसवाल अपनी भूमि के सीमांकन के लिए लंबे समय से परेशान था। पीड़ित किसान का आरोप है कि उसने चार बार सीमांकन कराया, लेकिन पटवारी हर बार रिपोर्ट तैयार करने और आगे की कार्रवाई के लिए रिश्वत की मांग करता रहा। बार-बार चक्कर लगाने और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर किसान ने जबलपुर लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत की गोपनीय जांच के दौरान रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाया। मंगलवार को तय योजना के अनुसार शिकायतकर्ता ने केमिकल लगे 5 हजार रुपये पटवारी स्वयं प्रकाश मेहरा को दिए। जैसे ही पटवारी ने रिश्वत की रकम अपने हाथ में ली, पहले से मौजूद लोकायुक्त टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया।
कार्रवाई के दौरान जब आरोपी के हाथ धुलवाए गए तो वे गुलाबी हो गए, जिससे रिश्वत लेने की पुष्टि हुई। लोकायुक्त की इस कार्रवाई के बाद स्लीमनाबाद तहसील परिसर और राजस्व विभाग में हड़कंप की स्थिति निर्मित हो गई।
फिलहाल लोकायुक्त की टीम आरोपी पटवारी से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े दस्तावेजों और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद विस्तृत प्रेस नोट जारी किया जाएगा।