किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
छत्तीसगढ़ बीजापुर।
सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। हर्रा-अर्रा के घने जंगलों में तलाशी अभियान के दौरान माओवादियों द्वारा छिपाकर रखा गया एक बड़ा डंप बरामद किया गया।
अभियान के दौरान जवानों ने आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) सहित माओवादी गतिविधियों में इस्तेमाल होने वाली 21 प्रकार की सामग्री जब्त की। बरामद सामान में विस्फोटक बनाने का सामान, वायर, बैटरी, दैनिक उपयोग की सामग्री, दवाइयां और अन्य लॉजिस्टिक सामग्री शामिल बताई जा रही है।
सुरक्षा बलों ने मौके पर ही माओवादियों के इस डंप को नष्ट कर दिया, जिससे उनकी भविष्य की गतिविधियों और हमले की योजनाओं को बड़ा झटका लगा है।
अधिकारियों के अनुसार, इलाके में लगातार सर्च ऑपरेशन जारी है और आसपास के जंगलों में भी गहन तलाशी ली जा रही है ताकि छिपे हुए अन्य डंप और माओवादियों की मौजूदगी का पता लगाया जा सके।
इस कार्रवाई को सुरक्षा बलों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है, क्योंकि इससे माओवादियों की रसद व्यवस्था और विस्फोटक क्षमता को नुकसान पहुंचा है। फिलहाल पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और अभियान जारी है।