डबरा ब्रेकिंग
डबरा। डबरा की साईं विहार कॉलोनी में मंगलवार शाम करीब 6 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार कार ने अपने घर के दरवाजे पर बैठी 58 वर्षीय महिला रिहाना बानो को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई और मकान की दीवारें भी क्षतिग्रस्त हो गईं।
घटना के समय मृतका अपने पति सादिक खान के मकान के बाहर बैठी थीं, तभी एमपी 07 सीए 3433 नंबर की कार के चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए उन्हें कुचल दिया। इस हादसे में कार के अंदर बैठा एक अन्य युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका चेहरा सामने के शीशे से टकराने के कारण बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया है। दुर्घटना के बाद आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया।आसपास के लोगों ने तुरंत भीड़ जमा कर महिला को डबरा सिविल अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है। सिटी थाना प्रभारी संजय शर्मा के अनुसार, पुलिस ने कार को जब्त कर मामला दर्ज कर लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम बुधवार सुबह किया जाएगा।
रोहित पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ डबरा