राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
राज्यसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस की वरिष्ठ नेता मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किए जाने के विरोध में बुधवार को कटनी जिले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गांधीवादी तरीके से सामूहिक उपवास रखकर अपना विरोध दर्ज कराया। जिला मुख्यालय से लेकर ब्लॉक स्तर तक आयोजित कार्यक्रमों में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों पर आघात का आरोप लगाते हुए सरकार के खिलाफ नाराजगी व्यक्त की।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक कुंवर सौरभ सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता जिला कलेक्टर कार्यालय परिसर के बाहर एकत्रित हुए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण ढंग से सामूहिक उपवास रखा और राज्यसभा चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आवाज बुलंद की।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किया जाना लोकतांत्रिक परंपराओं और संवैधानिक मूल्यों के विपरीत है। उन्होंने इसे राजनीतिक षड्यंत्र बताते हुए निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाए।
विरोध प्रदर्शन केवल जिला मुख्यालय तक सीमित नहीं रहा। जिला कांग्रेस कमेटी और महिला कांग्रेस के संयुक्त नेतृत्व में जिले के विभिन्न ब्लॉक मुख्यालयों पर भी सामूहिक उपवास एवं विरोध कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र की रक्षा और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया की मांग को लेकर अपनी बात रखी।
कार्यक्रम में महिला कांग्रेस अध्यक्ष रजनी वर्मा, अजय जैसवानी, राजा जगवानी, राजेश जाटव, मौजूद अहमद, कमल पांडे, गोल्डन पांडे, अजय गोटियां, नारायण निषाद, मंगल सिंह, श्याम यादव, जीतू गुप्ता, संतोष पटेल, देवीदीन गुप्ता, रंजीत सिंह, सचिन गर्ग सहित महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस एवं ब्लॉक कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।