दुद्धी सोनभद्र।(विवेक सिंह)
विकास खंड दुद्धी के अंतर्गत महुली स्थित श्री राजा बरियार शाह खेल मैदान में आयोजित श्री राजा बरियार शाह नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट के तीसरे दिन बुधवार रात्रि 8 बजे से खेले गए तीन रोमांचक मुकाबलों में बघाडू, रेणुकूट और जाबर की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अगले चक्र में प्रवेश कर लिया। खिलाड़ियों की विस्फोटक बल्लेबाजी और शानदार गेंदबाजी ने देर रात तक दर्शकों को रोमांचित किए रखा।
टूर्नामेंट का पहला मुकाबला बघाडू और आरसीबी बहरा के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बघाडू की टीम ने निर्धारित 10 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 155 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से बंटी ने शानदार 63 रनों की आतिशी पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी बहरा की टीम 10 ओवरों में 8 विकेट खोकर मात्र 95 रन ही बना सकी। इस प्रकार बघाडू ने 60 रनों से शानदार जीत दर्ज की। बेहतरीन प्रदर्शन के लिए बंटी को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें यह पुरस्कार जिला स्काउट कमिश्नर सोनभद्र सत्यनारायण कन्नौजिया के करकमलों द्वारा प्रदान किया गया।
दूसरा मुकाबला रेणुकूट और बंका पतरिहा (झारखंड) के बीच 8-8 ओवरों का खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए रेणुकूट ने 8 ओवरों में 7 विकेट खोकर 78 रन बनाए। जवाब में बंका पतरिहा की टीम 8 ओवरों में 7 विकेट पर 60 रन ही बना सकी। रेणुकूट ने यह मुकाबला 18 रनों से जीतकर अगले दौर में स्थान पक्का किया। रेणुकूट के दीपक को 2 ओवर में मात्र 6 रन देकर 3 विकेट लेने के शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
दिन का तीसरा मुकाबला केजीएन दुद्धी और जाबर के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए जाबर की टीम ने 8 ओवरों में 4 विकेट के नुकसान पर 134 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में केजीएन दुद्धी की टीम 8 ओवरों में 4 विकेट पर 87 रन ही बना सकी। जाबर ने यह मुकाबला 47 रनों से अपने नाम कर लिया।
सभी मुकाबलों में आकर्ष चौबे एवं गोलू ने अंपायर की भूमिका निभाई। वहीं जसवंत कुमार ने स्कोरर तथा सूरज कुमार ने कमेंट्री की जिम्मेदारी का सफल निर्वहन किया। टूर्नामेंट के लगातार रोमांचक मुकाबलों से क्षेत्र के क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह चरम पर है।