किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
धमतरी।
छत्तीसगढ़ के धमतरी में कथित गौ मांस मिलने के मामले के बाद माहौल गरमाया हुआ है। इसी बीच हिंदू संगठनों की मांग पर नगर निगम की टीम आज साल्हेवार पारा वार्ड के गाड़ापारा क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के लिए बुलडोजर लेकर पहुंची।
कार्रवाई शुरू होते ही स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया, जिससे मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल ने हस्तक्षेप किया और लोगों को समझाइश देते हुए स्थिति संभाली।
विरोध के कारण बुलडोजर की कार्रवाई कुछ समय के लिए रोकनी पड़ी, लेकिन नगर निगम का अमला हथौड़ों और अन्य उपकरणों की मदद से अतिक्रमण हटाने का अभियान जारी रखता रहा। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच लगातार तनातनी का माहौल बना रहा।
स्थिति को देखते हुए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन का कहना है कि कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं।
फिलहाल इलाके में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।