राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
स्वच्छता को जन आंदोलन बनाने के उद्देश्य से रविवार को गायत्री नगर स्थित बाबा घाट में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों और नगर निगम के जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता करते हुए घाट परिसर की साफ-सफाई की तथा नागरिकों को स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया।
अभियान में मुख्य रूप से खजुराहो लोकसभा सांसद वी.डी. शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक टंडन सोनी, कटनी नगर पालिक निगम की महापौर प्रीति संजीव सूरी सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने श्रमदान कर घाट क्षेत्र की सफाई की और पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक किया।
इस अवसर पर सांसद वी.डी. शर्मा ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। जनसहभागिता से ही स्वच्छ और सुंदर समाज का निर्माण संभव है। वहीं महापौर प्रीति सूरी ने नागरिकों से सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने और स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने स्वच्छता के प्रति संकल्प दोहराते हुए कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। अभियान में स्थानीय नागरिकों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।