राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से नगर निगम कार्यालय परिसर में आयोजित तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर का शुभारंभ सोमवार को खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा एवं महापौर प्रीति संजीव सूरी के मुख्य आतिथ्य में किया गया। कार्यक्रम में निगमायुक्त तपस्या परिहार सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक टंडन सोनी, पूर्व जिलाध्यक्ष पीताम्बर टोपनानी, मेयर इन काउंसिल सदस्य, पार्षदगण एवं नगर निगम के अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि सांसद विष्णु दत्त शर्मा ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सुशासन के तहत आयोजित इस जनकल्याण शिविर के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जा रहा है और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर का लाभ लेने की अपील की।
महापौर प्रीति संजीव सूरी ने कहा कि सरकार महिला, युवा, किसान और गरीब वर्ग के उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे अपने आसपास के जरूरतमंद लोगों को भी शिविर की जानकारी देकर योजनाओं से जोड़ने में सहयोग करें।
शिविर में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना, लाड़ली बहना योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, सामाजिक न्याय विभाग की योजनाएं, समग्र आईडी, राशन कार्ड, भवन अनुज्ञा, नामांतरण, ट्रेड लाइसेंस तथा स्वरोजगार योजनाओं सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए। यहां नागरिकों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों के आवेदन भी प्राप्त किए गए।
सांसद शर्मा एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने शिविर में लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, संबल योजना, वृद्धावस्था पेंशन योजना सहित विभिन्न योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र एवं हितलाभ वितरित किए गए। जनप्रतिनिधियों ने हितग्राहियों को प्रमाण-पत्र सौंपकर शासन की योजनाओं का लाभ प्रदान किया।
कार्यक्रम का संचालन जागेश्वर प्रसाद पाठक ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन उपायुक्त शैलेश गुप्ता द्वारा किया गया।