किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
रायपुर/गरियाबंद।
विद्यार्थियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गरियाबंद जिले में स्कूल बसों का विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया। परिवहन विभाग, यातायात पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और जिला सेनानी कार्यालय की संयुक्त टीम ने स्कूल वाहनों की जांच कर सुरक्षा मानकों, आवश्यक दस्तावेजों और कर्मचारियों के स्वास्थ्य का परीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए गए 45 स्कूल बस संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
30 स्कूल बसों की हुई जांच
जिले में पंजीकृत 75 स्कूल बसों में से 30 बसों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान वाहनों में सड़क सुरक्षा मानकों, आवश्यक उपकरणों और सुरक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत जांच की गई। परिवहन विभाग ने प्रदूषण प्रमाण-पत्र, कर (टैक्स), बीमा, फिटनेस प्रमाण-पत्र और परमिट सहित सभी आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया।
चालक-परिचालकों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
निरीक्षण अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने स्कूल बस चालकों और परिचालकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। अधिकारियों ने कहा कि बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए वाहन चालकों का शारीरिक रूप से स्वस्थ होना अत्यंत आवश्यक है।
अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की भी जांच
जिला सेनानी कार्यालय की टीम ने बसों में लगे अग्निशमन यंत्रों की जांच की और चालक-परिचालकों को उनके सही उपयोग की जानकारी दी। साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों में विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक उपायों पर प्रशिक्षण और मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया।
45 बस संचालकों को कारण बताओ नोटिस
निरीक्षण के दौरान 45 स्कूल बसें निर्धारित स्थल पर उपस्थित नहीं मिलीं। इस पर संबंधित बस संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से जुड़े नियमों के पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
नियमित जारी रहेगा अभियान
जिला प्रशासन ने कहा कि स्कूल बसों में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से संयुक्त निरीक्षण अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा, ताकि जिले के सभी विद्यार्थियों को सुरक्षित और सुगम परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।