✍ किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
- CG Crime News: बिलासपुर में महिलाओं से लूट और चैन स्नैचिंग करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़, 6 आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर। महिलाओं को निशाना बनाकर चैन स्नैचिंग और लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का बिलासपुर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि उनके अन्य साथियों की तलाश जारी है। मामले का खुलासा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) रजनेश सिंह ने किया।
पुलिस के अनुसार, तोरवा और सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में पिछले कुछ समय से महिलाओं के साथ चैन स्नैचिंग और लूट की घटनाएं लगातार सामने आ रही थीं। सुबह के समय अकेली महिलाओं को निशाना बनाकर बदमाश उनके गले से सोने की चेन और अन्य कीमती सामान लूटकर फरार हो जाते थे, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल था।
सीसीटीवी और तकनीकी जांच से मिली सफलता
घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले। जांच में पता चला कि वारदातों के पीछे एक संगठित गिरोह सक्रिय था, जिसके सदस्य ओडिशा से आकर बिलासपुर में स्थानीय सहयोगियों के घरों में ठहरते थे। इसके बाद वे सुनियोजित तरीके से अपराध को अंजाम देकर वापस फरार हो जाते थे।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान वारदात में इस्तेमाल की गई बिना नंबर की स्कूटी भी बरामद कर ली है।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों में:
शिव सिंह
शक्ति प्रसाद
नवीन साहू
प्रमोद सिंह
अतुल मुंडा
बसंता खड़िया
शामिल हैं।
तीन वारदातों की कबूली
पूछताछ में आरोपियों ने तोरवा और सिरगिट्टी क्षेत्र में महिलाओं के साथ हुई तीन चैन स्नैचिंग और लूट की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह विभिन्न राज्यों में इस प्रकार की आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देता रहा है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ लूट, चोरी और आपराधिक षड्यंत्र सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमों को लगाया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है और जल्द ही और खुलासे होने की संभावना है। महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शहर में निगरानी और गश्त बढ़ा दी गई है।