नागपुर।
राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-547) पर बजाज जोड़ स्थित ग्रीन पैराडाइस होटल के सामने आज एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन क्रमांक MH40N2452 बिछायत (टेंट) का सामान लेकर जा रहा था। इसी दौरान वाहन पर रखा सामान अचानक सड़क पर गिर गया और उसके कुछ गट्ठे छिंदवाड़ा से नागपुर की ओर जा रहे एक बाइक सवार पर जा गिरे।
हादसे में बाइक चालक को गंभीर चोटें आईं, वहीं उनकी मोटरसाइकिल क्रमांक MH40AU6631 भी क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए सरकारी सिविल अस्पताल सौसर 108 एम्बुलेंस की मदद से भेजा गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद पिकअप चालक ने कहा कि वाहन मालिक कार लेकर आ रहा है और घायलों को अस्पताल पहुंचाया जाएगा। इसके बाद चालक मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा फरार चालक और वाहन मालिक की तलाश की जा रही है। स्थानीय लोगों ने मालवाहक वाहनों में सामान की सुरक्षित ढुलाई सुनिश्चित करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
राजेश चौधरी पांढुर्णा