✍राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
बंगाली कॉलोनी को मिली विकास की सौगात, 45 लाख की लागत से सड़क और नाली निर्माण कार्यों का भूमिपूजन,
कटनी। नगर के संत कंवरराम वार्ड स्थित बंगाली कॉलोनी में लंबे समय से प्रतीक्षित सड़क एवं नाली निर्माण कार्यों का शुभारंभ हो गया है। नगर पालिक निगम कटनी द्वारा लगभग 45 लाख रुपये की लागत से कराए जाने वाले इन विकास कार्यों का भूमिपूजन महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी एवं स्थानीय पार्षद गोविंद चावला की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में मेयर इन काउंसिल सदस्य डॉ. रमेश सोनी, सुभाष साहू, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष चमनलाल आनंद, पूर्व पार्षद राजकुमार माखीजा, महेश होतवानी, मंडल महामंत्री सतीश मोटवानी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
इस अवसर पर महापौर श्रीमती प्रीति सूरी ने कहा कि नगर निगम शहर के प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क और नाली जैसी आधारभूत सुविधाएं किसी भी क्षेत्र के विकास की नींव होती हैं। इन कार्यों के पूर्ण होने के बाद बंगाली कॉलोनी के रहवासियों को बेहतर आवागमन और जल निकासी की सुविधा प्राप्त होगी।
नगर निगम से प्राप्त जानकारी के अनुसार बंगाली कॉलोनी में प्रीति इलेक्ट्रॉनिक्स से माता मंदिर होते हुए सामुदायिक भवन तक 28.66 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड तथा 16.06 लाख रुपये की लागत से सीसी नाली का निर्माण कराया जाएगा। दोनों कार्यों पर कुल 44.72 लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी।
स्थानीय पार्षद गोविंद चावला ने कहा कि क्षेत्रवासी लंबे समय से इन कार्यों की मांग कर रहे थे। निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी और क्षेत्र में आवागमन अधिक सुगम होगा।
भूमिपूजन कार्यक्रम में नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी, निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन क्षेत्र के विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के संकल्प के साथ हुआ।