बेलगड़ी टोल प्लाजा पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 162 किलो गांजा बरामद, नोएडा भेजी जानी थी 85 लाख की खेप
शहजाद आलम, जिला संवाददाता
सिद्धार्थनगर। जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शिवनगर डिड़ई थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने बेलगड़ी टोल प्लाजा के पास कार्रवाई करते हुए करीब 162 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 85 लाख रुपये बताई जा रही है। इस मामले में एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसके तीन साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देशन में जिले भर में मादक पदार्थों की तस्करी और अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शिवनगर डिड़ई थाना प्रभारी बृजेश सिंह अपनी पुलिस टीम के साथ बेलगड़ी टोल प्लाजा क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग कर रहे थे। चेकिंग के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित एक सार्वजनिक शौचालय के पास चार संदिग्ध व्यक्ति पांच बड़े प्लास्टिक के बोरों के साथ खड़े दिखाई दिए।
पुलिस टीम को अपनी ओर आता देख चारों व्यक्तियों में हड़कंप मच गया। तीन लोग मौके से भागने में सफल रहे, जबकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक व्यक्ति को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान श्याम उर्फ श्यामू दीक्षित, निवासी जनपद फर्रुखाबाद के रूप में हुई।
पुलिस द्वारा बोरों की तलाशी लेने पर उनमें कुल 28 पैकेट पाए गए, जिनमें लगभग 162 किलोग्राम गांजा भरा हुआ था। बरामद मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि वह अपने साथियों पिंटू चौरसिया, सूर्य प्रकाश चौरसिया और अमन के साथ इस गांजे की खेप को बस के माध्यम से नोएडा भेजने की तैयारी कर रहा था। हालांकि पुलिस की सक्रियता के चलते उनकी योजना सफल नहीं हो सकी।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और उनकी तलाश तेज कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपी और उसके फरार साथियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है। इनके खिलाफ पूर्व में एनडीपीएस एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, लूट, हत्या के प्रयास और अन्य गंभीर अपराधों से जुड़े कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों और गांजे की आपूर्ति श्रृंखला की भी जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।