अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार सुरक्षा संगठन में सुरेश कुमार यादव बने मध्यप्रदेश महामंत्री, जनसेवा को मिलेगी नई दिशा
मानवाधिकार संरक्षण, सामाजिक न्याय और जनहित के मुद्दों पर करेंगे प्रदेशभर में सक्रिय कार्य
पन्ना। अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार सुरक्षा संगठन ने अपने संगठनात्मक विस्तार और जनसेवा गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पन्ना जिले के तहसील अजयगढ़ के एक छोटे से गांव बालूपुर के रहने वाले सक्रिय समाजसेवी सुरेश कुमार यादव को मध्यप्रदेश महामंत्री की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। संगठन में पिछले चार वर्षों से उनके उत्कृष्ट कार्य, सक्रिय सहभागिता और जनहित के प्रति समर्पण को देखते हुए यह दायित्व प्रदान किया गया है।
संगठन द्वारा जारी पहचान पत्र के अनुसार उनका कार्यक्षेत्र अब सम्पूर्ण मध्यप्रदेश रहेगा। इस नई जिम्मेदारी के तहत वे प्रदेशभर में संगठन को मजबूत करने, नए सदस्यों को जोड़ने तथा मानवाधिकार संरक्षण और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को गति देंगे।
अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार सुरक्षा संगठन का मुख्य उद्देश्य मानवाधिकारों की रक्षा, सामाजिक सेवा, भ्रष्टाचार के विरुद्ध जनजागरण, बाल विवाह रोकथाम, रिश्वतखोरी के खिलाफ अभियान, शोषित एवं मजदूर वर्ग के अधिकारों की रक्षा तथा जनहित से जुड़े मुद्दों पर प्रभावी कार्य करना है। संगठन प्रदेशभर में जनसहभागिता बढ़ाने और समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुंचाने के लिए लगातार सक्रिय है।
नई जिम्मेदारी मिलने पर सुरेश कुमार यादव ने संगठन के राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ मानवाधिकार जागरूकता अभियान चलाएंगे तथा समाज के कमजोर, पीड़ित और वंचित वर्गों की आवाज़ बनकर कार्य करेंगे। उन्होंने संगठन की विचारधारा और उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प भी दोहराया।
इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सुरेश कुमार यादव को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संगठन मध्यप्रदेश में और अधिक मजबूत होगा तथा जनसेवा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करेगा।