रिपोर्टर: कैलाश आर्य
स्थान: बैतूल, मध्य प्रदेश
मध्य प्रदेश के बैतूल स्थित सतलोक आश्रम में कबीर साहेब के 629वें प्रकट दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित तीन दिवसीय विशाल महा समागम का समापन श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में हुआ। संत रामपाल महाराज के सानिध्य में आयोजित इस धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम के अंतिम दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की और भंडारा प्रसादी ग्रहण की।
समापन दिवस पर मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं प्रदेश उपाध्यक्ष सुखदेव पांसे, कांग्रेस जिला अध्यक्ष निलय डागा, मप्र कर्मचारी प्रकोष्ठ के कार्यवाहक अध्यक्ष अरुण गोठी, पूर्व जिला अध्यक्ष हेमंत वागद्रे, नवनीत मालवी, मनोज आर्य, अकरम खान पटेल, प्रवीण आर्य, संजू मछीवार सहित कई जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता आश्रम पहुंचे।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने आश्रम में संचालित विभिन्न सामाजिक और जनकल्याणकारी गतिविधियों का अवलोकन किया। इस अवसर पर आए नेताओं ने आयोजन की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं के लिए किए गए प्रबंधों की प्रशंसा की।
इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने संत रामपाल महाराज द्वारा संचालित सामाजिक जागरूकता और जनकल्याण संबंधी कार्यक्रमों की सराहना की। उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन और जनहित से जुड़े प्रयास महत्वपूर्ण हैं तथा ऐसे आयोजनों से लोगों में सामाजिक समरसता और जागरूकता का संदेश पहुंचता है।
तीन दिनों तक चले इस महा समागम में देश के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बैतूल स्थित सतलोक आश्रम पहुंचे। पूरे आयोजन के दौरान धार्मिक प्रवचन, भक्ति कार्यक्रम और सामूहिक भंडारे का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने अनुशासित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में कार्यक्रम में भाग लिया और प्रसादी ग्रहण की।
आयोजकों के अनुसार समागम का उद्देश्य आध्यात्मिक संदेश के साथ-साथ सामाजिक एकता, मानव सेवा और नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम के समापन अवसर पर सभी श्रद्धालुओं के सुख, शांति और समाज में सद्भाव की कामना की गई।
तीन दिवसीय महा समागम का समापन धार्मिक परंपराओं के अनुसार भोग की वाणी के साथ संपन्न हुआ। आयोजकों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं, स्वयंसेवकों और अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।