रायरंगपुर को नया जिला घोषित करने की मांग को लेकर रायरंगपुर नया जिला क्रियान्वयन समिति की विस्तारित बैठक स्थानीय पीसीएम कल्याण मंडप में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष अक्षय महांति ने की, जबकि मंच संचालन परिक्रमा के अध्यक्ष मनोज दास ने किया।
बैठक में समिति के सलाहकार एवं पूर्व वरिष्ठ नागरिक सभा के अध्यक्ष रसानंद लेंका, सलाहकार मनोरंजन महांति, पूर्व विधायक लक्ष्मण माझी, प्रह्लाद पूर्ति, सुशील हांसदा, सामाजिक कार्यकर्ता ईशान मिश्रा, रायरंगपुर नगर परिषद के अध्यक्ष अभिषेक पटनायक, नेत्री तनुजा महांति, डॉ. शिवाशीष गिरी, बीएमएस श्रमिक नेता निगमानंद पटनायक, सामाजिक कार्यकर्ता सुभाष मंडल, तिरिंग जिला परिषद सदस्य परेश मुंडा, बहालदा जिला परिषद सदस्या सूर्यमणि हांसदा, तिरिंग ब्लॉक की पूर्व अध्यक्ष जेमामणि सुंठी, पार्थ सारथी षडंगी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि रायरंगपुर को पुलिस जिला घोषित किए जाने और यहां पुलिस अधीक्षक (एसपी) की नियुक्ति किए जाने का स्वागत किया जाता है। इसके लिए उन्होंने महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु तथा राज्य के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के प्रति आभार व्यक्त किया।
वक्ताओं ने कहा कि अब रायरंगपुर को पूर्ण जिला घोषित कराने के लिए संगठित और लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा। इस संबंध में राज्य सरकार तक प्रभावी ढंग से अपनी मांग पहुंचाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
समिति ने निर्णय लिया कि शीघ्र ही एक और व्यापक बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, मीडिया प्रतिनिधियों, जागरूक नागरिकों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों को आमंत्रित किया जाएगा। सभी के सुझावों के आधार पर आगे की रणनीति तय की जाएगी।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि ब्लॉक एवं पंचायत स्तर पर युवाओं और छात्र संगठनों को जोड़कर शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से रायरंगपुर को नया जिला बनाए जाने की मांग को लेकर जनआंदोलन जारी रखा जाएगा। समय-समय पर आगामी कार्यक्रमों की घोषणा भी की जाएगी।
कार्यक्रम के अंत में मनोरंजन हांसदा ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।
रिपोर्ट: हिमांशु शेखर प्रहराज, ओडिशा स्टेट हेड, रायरंगपुर।