जिलाधिकारी के निर्देश पर सहारनपुर में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मंगलवार को व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। शहर में सिटी मजिस्ट्रेट के नेतृत्व और ग्रामीण क्षेत्रों में संबंधित उपजिलाधिकारियों की निगरानी में टीम ने कई रेस्टोरेंट, डेयरियों और मिठाई की दुकानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए एकत्र किए।
शहर की गिल कॉलोनी स्थित कबाबगढ़ रेस्टोरेंट से लाल मिर्च पाउडर, हल्दी पाउडर और पनीर के नमूने लिए गए। नकुड़ क्षेत्र में प्रिया स्वीट्स से बर्फी तथा एक अन्य मिठाई की दुकान से गुलाब जामुन का नमूना लिया गया। इसके अलावा रामपुर मनिहारान की शर्मा डेयरी से पनीर, देवबंद की मलिक डेयरी से दूध और दही, कैलाशपुर के सुनील मिष्ठान भंडार से रसगुल्ला तथा गागलहेड़ी के इंडियन स्वीट्स से घेवर का नमूना जांच के लिए संग्रहित किया गया।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता ने बताया कि सभी नमूनों को परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनपद में मिलावटी और मानकविहीन खाद्य पदार्थों पर रोक लगाने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी जवाहरलाल, जगदंबा प्रसाद, अमित कुमार गौतम, शिवनाथ सिंह, सुमन पाल, कुलदीप तिवारी, महेश कुमार सहित विभाग की टीम मौजूद रही। देर शाम तक विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी और सैंपलिंग की कार्रवाई जारी रही।
रमेश सैनी आशीष सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़