बारिपदा, 4 जुलाई। ओडिशा के मयूरभंज जिले के बारिपदा स्थित पालबाणी गोलाई के पास एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। एक दुर्घटना की कवरेज करने पहुंचे पत्रकार और कैमरामैन खुद दूसरे हादसे का शिकार हो गए। इस भीषण दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन टीवी चैनलों के कैमरामैन समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।जानकारी के अनुसार, 3 जुलाई को पालबाणी गोलाई के पास लकड़ी से लदा एक टाटा इंट्रा वाहन (नंबर WB-49-6202) पहले से ही दुर्घटनाग्रस्त होकर पलटा पड़ा था। इस हादसे की कवरेज के लिए न्यूज 7 के कैमरामैन ललित कुमार बारिक, अर्गस न्यूज के कैमरामैन हरेकृष्ण पात्र तथा कलिंगा टीवी के कैमरामैन मौके पर पहुंचे थे।इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहा वाहन (नंबर OD-23-H-2474) अचानक अनियंत्रित होकर उसी स्थान पर पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि शून गाड़िया निवासी एस. के. जलालुद्दीन तथा गौड़डीहा निवासी मिहिर माइती की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर हजारों लोगों की भीड़ जुट गई, जिससे कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस, अग्निशमन विभाग और एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं। संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाया गया तथा ट्रक के नीचे फंसे शव को बाहर निकाला गया। इसके बाद यातायात को सामान्य किया गया।इस हादसे में न्यूज 7 के कैमरामैन ललित कुमार बारिक, अर्गस न्यूज के कैमरामैन हरेकृष्ण पात्र, कलिंगा टीवी के कैमरामैन तथा तखतपुर निवासी महेश्वर किस्कू गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल पीआरएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, बारिपदा में भर्ती कराया गया। ललित कुमार बारिक की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर उपचार के लिए भुवनेश्वर रेफर किया गया है।घटना की सूचना मिलते ही ओडिशा के गृह एवं नगर विकास मंत्री डॉ. कृष्ण चंद्र महापात्र, बारिपदा नगर पालिका के अध्यक्ष कृष्णानंद महांति, भंजसेना के संस्थापक सफीक तथा जिले के कई पत्रकार अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना।इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
रिपोर्ट: हिमांशु प्रहराज