किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
रायपुर: महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रायपुर की विशेष अदालत में 25 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट पेश की है। चार्जशीट पर संज्ञान लेते हुए विशेष अदालत ने मामले के आठ प्रमुख आरोपियों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किए हैं।
जानकारी के मुताबिक, चार्जशीट में शामिल शेष 17 आरोपियों को पहले ही सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिल चुकी है। ऐसे में फिलहाल उनकी गिरफ्तारी नहीं होगी।
महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामला देश के चर्चित सट्टेबाजी मामलों में से एक है, जिसमें बड़े पैमाने पर ऑनलाइन सट्टेबाजी, आर्थिक अनियमितताओं और अवैध लेन-देन की जांच की जा रही है। सीबीआई की ओर से दायर चार्जशीट को इस मामले में एक अहम कानूनी कार्रवाई माना जा रहा है।
विशेष अदालत द्वारा गिरफ्तारी वारंट जारी किए जाने के बाद अब जांच एजेंसियों की नजर उन आरोपियों की गिरफ्तारी पर रहेगी, जिनके खिलाफ वारंट जारी हुआ है। मामले में आगे की सुनवाई रायपुर की विशेष अदालत में होगी।