राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। एनकेजे थाना क्षेत्र के सरस्वाही स्थित शासकीय कन्या शिक्षा परिसर के छात्रावास में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब छह छात्राओं और प्राचार्य की अचानक तबीयत बिगड़ गई। सभी को पेट दर्द, चक्कर, सीने में दर्द और घबराहट की शिकायत होने पर तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
जिला अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार, एक छात्रा की हालत गंभीर होने के कारण उसे आईसीयू में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है, जबकि अन्य छात्राओं एवं प्राचार्य की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। सभी का उपचार डॉक्टरों की निगरानी में जारी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, छात्राओं ने सुबह छात्रावास में नियमित रूप से नाश्ता किया था। इसके बाद दोपहर करीब 1 से 1:30 बजे के बीच एक-एक कर कई छात्राओं ने पेट दर्द, चक्कर और घबराहट की शिकायत की। देखते ही देखते अन्य छात्राओं की भी तबीयत बिगड़ने लगी, जिससे छात्रावास में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही छात्रावास प्रबंधन ने सभी प्रभावितों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया।
फिलहाल छात्राओं और प्राचार्य की तबीयत बिगड़ने के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। चिकित्सकों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण सामने आएगा। वहीं, स्वास्थ्य विभाग एवं संबंधित प्रशासनिक अधिकारी पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं। घटना के बाद छात्रावास परिसर में चिंता का माहौल है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।